महिला ने चेयरमैन व सहयोगी पर छेड़खानी-मारपीट का लगाया आरोप,
सहयोगी ने महिला पर सरकारी कार्य में बाधा डालने की दी तहरीर
सुकरौली/कुशीनगर। नगर पंचायत सुकरौली के वार्ड नंबर 12 में सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। महिला ने नगर पंचायत अध्यक्ष राजनेति कश्यप और उनके सहयोगी सानू गुप्ता पर छेड़खानी, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, अध्यक्ष के सहयोगी की तहरीर पर महिला के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा पहले ही दर्ज हो चुका है।
महिला का आरोप है कि उसकी जमीन के बगल में नगर पंचायत की ओर से आरसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई उसकी जमीन की तरफ अधिक बढ़ाए जाने को लेकर उसने नगर पंचायत अध्यक्ष से शिकायत की थी। आरोप है कि मामले के समाधान के लिए उसे अध्यक्ष के आवास स्थित कैंप कार्यालय पर बुलाया गया। महिला के मुताबिक वहां पहुंचने के बाद अध्यक्ष और उनके सहयोगी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट कर घायल करने का भी आरोप लगाया गया है।
चेयरमैन ने आरोपों को बताया निराधार
नगर पंचायत अध्यक्ष राजनेति कश्यप ने महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना है कि वार्ड नंबर 12 में आरसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें महिला द्वारा लगातार व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा था। अध्यक्ष के अनुसार, महिला ने उनके सहयोगी के साथ गाली-गलौज और धमकी दी थी। इसी मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद राजनीतिक विरोधियों के इशारे पर उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस कर रही दोनों मामलों की जांच
हाटा कोतवाल दीपक सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर नगर पंचायत अध्यक्ष और उनके सहयोगी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वहीं, सानू गुप्ता की तहरीर पर महिला के खिलाफ दर्ज मुकदमे की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में जांच के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
