
जो युवा अपना उद्यम स्थापित करना चाहते हैं, उनके लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, एमएसएमई, ओडीओपी सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है।
देवरिया मझौलीराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मझौलीराज में जनपद देवरिया के सलेमपुर एवं भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए लगभग ₹305 करोड़ की लागत की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सहायता राशि वितरित की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने बाबा दीर्घेश्वर नाथ की पावन धरा को नमन करते हुए कहा कि देवरिया जनपद अपनी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रवादी विरासत के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। प्रदेश सरकार इस गौरवशाली विरासत के संरक्षण के साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि देवरिया में विकास के नए प्रतिमान स्थापित हो रहे हैं। जनपद में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए बाईपास एवं फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। सिंगल लेन की सड़कों को डबल लेन, डबल लेन को फोर लेन तथा फोर लेन की सड़कों को सिक्स लेन में उच्चीकृत किया जा रहा है। इससे आवागमन सुगम होने के साथ ही क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देवरिया में मेडिकल कॉलेज का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मेडिकल कॉलेज का नाम महर्षि देवराहा बाबा के नाम पर रखा गया है। महर्षि देवराहा बाबा की आध्यात्मिक साधना लोककल्याण एवं राष्ट्रकल्याण के लिए समर्पित रही है। उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज का नामकरण उनकी महान विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में कंपोजिट विद्यालयों का निर्माण, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का उच्चीकरण तथा ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के अंतर्गत बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में व्यापक सुधार किया जा रहा है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग की सुविधा प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम को भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, सदर विधायक त्रिपाठी, बरहज विधायक दीपक मिश्रा, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया एवं पूर्व सांसद सलेमपुर रविंद्र कुशवाहा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री जी द्वारा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई।
आयोजित कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक पंडित गिरीश चंद्र तिवारी, जिला अध्यक्ष भाजपा काली प्रसाद, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा भूपेंद्र सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रबंधक मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज राघवेंद्र विक्रम सिंह, हरिचरण कुशवाहा सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी आदि मौजूद रहे।
