
सीतापुर ब्यूरो रोज की खबर
बिसवां(सीतापुर)। जिले के विभिन्न थानों में पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार, पीड़ितों को न्याय न मिलने और पुलिस कर्मियों द्वारा मनमानी किए जाने के आरोपों को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने, मंगलवार को बिसवां कोतवाली के सामने धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद उप जिलाधिकारी राहुल सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षित चौहान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा समस्याओं के निष्पक्ष निस्तारण और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से पुलिस अधीक्षक को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में अवैध वसूली, अवैध शराब व नशीले पदार्थों के कारोबार, पुलिसकर्मियों के दुर्व्यवहार तथा पूर्व में लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों की दोबारा थानों में तैनाती समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
ज्ञापन के अनुसार
ज्ञापन के अनुसार बिसवां थाने में थाना प्रभारी पर कार्यकर्ता से ग्राम समिति मंत्री से समझौते के नाम पर 10 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया है। बिसवां कोतवाली के संबंध में विभागीय स्तर पर कथित गड़बड़ियों को छिपाने अथवा दबाने के प्रयास और अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। मानपुर थाने को लेकर भी थाना प्रभारी पर संगठन के कार्यकर्ता से समझौते के नाम पर 10 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन के मुताबिक इस मामले में पुलिस अधीक्षक के पीआरओ को फोन के माध्यम से प्रकरण से अवगत कराया गया था। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोप सही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
लहरपुर में लंबे समय से थाना प्रभारी के पद पर रहने के कारण स्थानीय दलालों से कथित सांठगांठ की शिकायत किए जाने का उल्लेख है। ज्ञापन के अंत में संगठन ने सभी मामलों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।
