
आपरेशन को लेकर सवाल पूछने पर मारपीट का आरोप
ब्यूरो गोण्डा रोज की खबर
गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कुंवर टाकीज के सामने स्थित आर एम सी हॉस्पिटल की संचालिका व अज्ञात स्टाफ के विरुद्ध मारपीट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा अधिवक्ता पंकज गोस्वामी की तहरीर पर सोमवार देर शाम दर्ज किया गया है।आरोप है कि अस्पताल में आपरेशन को लेकर सवाल पूछने पर मेडिकल छात्र प्रांशू गोस्वामी और उनके परिजनों के साथ मारपीट किया गया।घटना रविवार 23 अगस्त की शाम लगभग छ: बजे की बताई गई है।
पुलिस के अनुसार
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।अधिवक्ता पंकज गोस्वामी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनके भाई प्रांशू गोस्वामी की पत्नी अनुराधा को प्रसव के लिए आर एम सी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।आरोप है कि 16 अगस्त 2026 को चिकित्सक की तरफ से परिजनों को सामान्य प्रसव का आश्वासन दिया गया था,परन्तु बाद में उनकी जानकारी और सहमति के बिना आपरेशन कर दिया गया।शिकायतकर्ता के मुताबिक 23 अगस्त की शाम प्रांशू अपनी पत्नी व आठ दिन के नवजात बच्चे के साथ अस्पताल पहुंचे और उन्होंने डाक्टर सुवर्णा से आपरेशन किये जाने का कारण पूछा,जिसके बाद अस्पताल विवाद हो गया और चिकित्सक कथित तौर पर गाली गलौज करने लगीं।तहरीर के अनुसार,इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने प्रांशू के साथ लात घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट किया।बीच बचाव करने पहुंची नवप्रसूता अनुराधा के साथ भी धक्का मुक्की और बदसुलूकी का आरोप लगाया गया है।
अधिवक्ता का कहना है कि घटना के बाद अनुराधा की तबियत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।परिजन उसे अस्पताल के सामने स्थित अनंत हॉस्पिटल ले गये, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि डाक्टर सुवर्णा और उनके स्टाफ ने पुलिस में शिकायत करने पर प्रांशू को जान से मारने की धमकी भी दिया है।मामले में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच प्रारम्भ कर दी गई है।जांचोपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल खबर लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की तरफ से लगाए गए आरोपों पर अपना पक्ष रखने के लिए कोई सामने नहीं आया है।आपरेशन व मारपीट के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
