
लखनऊ, 31 मार्च।
सिटी मोन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड कैम्पस के दो मेधावी छात्रों कात्यायन राजमीत उपाध्याय (रैंक 73) एवं शिवाली सिंह (रैंक 103) ने पी.सी.एस. में चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है, जिनमें कात्यायन राजमीत असिस्टेन्ट कमिश्नर, जी.एस.टी. एवं शिवाली सिंह नायब तहसीलदार के पर चयनित हुए हैं। इन मेधावी छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद एवं विद्यालय से मिले प्रेरणादायी विचारों व विद्यालय के वातावरण को दिया है।
सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने विद्यालय के इन मेधावी छात्रों की सफलता पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्वल भविष्य की कामना की है। डा. गाँधी ने विश्वास व्यक्त किया है कि सी.एम.एस. के ये होनहार छात्र अपने कार्यक्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ ही आदर्श समाज की संरचना में अपना रचनात्मक योगदान देंगे। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने भी सी.एम.एस. छात्रों की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सी.एम.एस. छात्रों की मेहनत, लगन व लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना को दिखाती है। लखनऊ के लिए यह गर्व का विषय है कि प्रतिवर्ष सी.एम.एस. के होनहार छात्र आई.ए.एस., पी.सी.एस., नीट, जेईई आदि विभिन्न प्रतिष्ठित परीक्षाओं में चयनित होकर सी.एम.एस. की शिक्षा पद्धति का परचम लहरा रहे हैं। सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती आभा अनन्त ने भी विद्यालय के दोनों छात्रों के उज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इन छात्रों की सफलता पर पूरे सी.एम.एस. परिवार को गर्व है।
सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने बताया कि कात्यायन राजमीत उपाध्याय ने अपनी सम्पूर्ण स्कूली शिक्षा सी.एम.एस. से प्राप्त की एवं इसके उपरान्त आई.आई.टी. कानपुर से बी.टेक की डिग्री प्राप्त की। एक अनौपचारिक वार्ता में कात्यायन ने कहा कि हालांकि इस प्रकार की लंबे दौर की परीक्षा में खुद को एकाग्र रखना कठिन होता है परन्तु अपनी पारिवारिक पृष्ठिभूमि के कारण इस क्षेत्र में मेरा शुरू से ही रूझान रहा है। इस सफलता में मेरे सी.एम.एस. के शिक्षकों का बहुत योगदान रहा है, जिन्होंने मुझे अपनी रूचि के क्षेत्र में उच्च सफलता हेतु सदैव प्रोत्साहित किया, साथ ही, व्यक्तित्व विकास में भी महती भूमिका निभाई। सी.एम.एस. के वर्तमान छात्रों को संदेश देते हुए कात्यायन ने कहा कि आप जो भी काम करें, पूरी लगन व आनन्द के साथ करें। कात्यायन के पिताजी कानपुर में असिस्टेन्ट डायरेक्टर, आॅडिट के पद पर कार्यरत हैं जबकि माताजी शिक्षिका हैं। इसी प्रकार, सी.एम.एस. छात्रा शिवाली सिंह ने भी अपनी सफलता का सम्पूर्ण श्रेय सी.एम.एस. के शिक्षकों व विद्यालय के शैक्षिक वातावरण को दिया।
श्री खन्ना ने कहा कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को उत्कृष्टता की ओर सतत् प्रयासरत रहने को प्रेरित करता है एवं इसी अनुरूप उन्हें भविष्य की चुनौतियों हेतु तैयार करता है। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र आज विश्व स्तर पर अपनी उपलब्धियों का परचम लहरा रहे हैं।
