
देहरादून । केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवा की बुकिंग शुरू हो चुकी है। यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विशेषकर केदारनाथ धाम को लेकर लोगों की श्रद्धा का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि हेली सेवा की बुकिंग मंगलवार सुबह 12 बजे खुलने के मात्र 15 मिनट के भीतर ही पूरे माह के स्लॉट फुल हो गए। इस दौरान आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर मई महीने के 38,850 टिकट बुक हुए। केदारनाथ धाम के कपाट दो मई को खुल रहे हैं। धाम के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) और आईआरसीटीसी की अधिकारिक वेबसाइट के जरिए हेली सेवा की बुकिंग ले रहे हैं। इसके तहत मई महीने के लिए आठ अप्रैल को बुकिंग स्लॉट खुलने के 15 मिनट के अंदर ही सारी टिकटें बिक गईं। टिकट बुक कराने को लेकर मची मारामारी के चलते साइट पर लोड बढ़ गया। इससे साइट खुलने में परेशानी भी हुई। केदारनाथ के कपाट 2 मई को खुलेंगे चारधाम यात्रा के लिए धामों के कपाट खुलने की तिथि तय की जा चुकी है। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल, केदारनाथ धाम के कपाट दो मई और बदरीनाथ धाम के कपाट चार मई को खुलेंगे। श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खुलेंगे। जून के लिए स्लॉट खुलने का इंतजार टिकट बुक करने से चूक गए लोगों को अब जून के लिए स्लॉट खुलने का इंतजार करना पड़ेगा। मालूम हो कि केदारनाथ धाम के लिए पवन हंस, आर्यन एविएशन, हिमालयन हेली, ट्रांस भारत, ग्लोबल विक्ट्रा, थंबी एविएशन, केस्ट्रल एविएशन और एयरो एयरक्राफ्ट, हेली सेवा की सुविधा दे रही हैं। एक आईडी से 6 टिकट ही बुक होगी एसीईओ यूकाडा दयानंद सरस्वती ने बताया, केदारनाथ हेली सेवा के तहत 1295 यात्री रोज के हिसाब से टिकट बुक की गई हैं। चूंकि यात्रा दो मई से शुरू हो रही है, ऐसे में मई में 30 दिन के लिए करीब 38,850 टिकट बुक किए।
