
गुना जिले के ग्राम पाँज में बुधवार को गोवर्धन गौशाला, गौअभ्यारण एवं अनुसंधान केंद्र का भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय गौ सेवा प्रमुख अजित महापात्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि केंद्रीय दूरसंचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघ चालक अशोक सिंह कुशवाह, गोवर्धन गौशाला समिति अध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल एवं गुना विधायक पन्नालाल शाक्य मंचासीन रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौभक्तों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से बनने जा रही यह गौशाला जिले की सबसे बड़ी परियोजना होगी। भूमि पूजन समारोह से पूर्व आयोजित पत्रकार वार्ता में गोवर्धन गौशाला समिति के अध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल ने जानकारी दी कि गौशाला का निर्माण समिति की 140 बीघा भूमि पर किया जाएगा। पहले चरण में 5000 गायों के संरक्षण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह केंद्र केवल गौसेवा का माध्यम ही नहीं होगा, बल्कि अनुसंधान, प्रशिक्षण और रोजगार का भी केंद्र बनेगा। इस परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय, पंचगव्य आधारित औषधि निर्माण, जैविक खेती उत्पाद, गोवंश नस्ल सुधार, वैदिक गुरुकुल, आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, बायोगैस संयंत्र, सीएनजी प्लांट एवं 2 मेगावाट सोलर प्लांट की स्थापना की जाएगी। श्री अग्रवाल ने बताया कि विशेष योजना के अंतर्गत नागरिक अब दूध न देने वाली गाय को गौआश्रय में छोड़ सकेंगे और संस्था से दुधारू गाय प्राप्त कर सकेंगे, जिससे सड़कों पर बेसहारा गौमाताओं की समस्या का स्थायी समाधान होगा। गौशाला समिति के सचिव अशोक शर्मा, कोषाध्यक्ष कुलदीप शर्मा व मीडिया प्रभारी विकास जैन ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई। आयोजन में स्थानीय श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गौसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।-
