
नई दिल्ली । कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि केरल में पार्टी नेता एकजुट हैं। गांधी का यह बयान शुक्रवार को कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा केरल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले रणनीति को लेकर चर्चा और दक्षिणी राज्य के नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद आया है। बैठक के बाद केरल के नेताओं की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने फेसबुक पर लिखा वह एक साथ खड़े हैं, आगे के उद्देश्यों के मद्देनजर एकजुट हैं। उनकी पोस्ट के साथ हैशटैग “टीम केरल” भी था। इस बैठक का मुख्य विषय अनुशासन, एकता और राज्य संगठन को मजबूत करना था। सूत्रों के मुताबिक बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि नेताओं को राजनीतिक रणनीति के बारे में बहुत सावधान रहना चाहिए और ऐसा कुछ भी नहीं करना या कहना चाहिए जो पार्टी लाइन के अनुरूप न हो। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अनुशासन, एकता सुनिश्चित करने और पार्टी की केरल इकाई को मजबूत करने के लिए रिक्त पदों को भरने पर जोर दिया था। खड़गे और राहुल गांधी के साथ पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, महासचिव और वायनाड की लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के सुधाकरन, सांसद शशि थरूर और प्रदेश के कई अन्य वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए थे।
