
रायपुर । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रीमती गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में विकास की रफ्तार और जनता को सुशासन प्राप्त होगा। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि रेखा गुप्ता का प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण दिल्ली की जनता के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने इस नई जिम्मेदारी के लिए रेखा गुप्ता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। बता दें कि रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और वह शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित होकर दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं। उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि श्रीमती गुप्ता की सरकार दिल्ली में जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करेगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में सक्षम होगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वय से दिल्ली के विकास को एक नई ऊंचाई मिल सकेगी।
