
अहमदाबाद । अंग दान की अपील के लिए भारत और इंग्लैंड की क्रिकेट टीमें तीसरे एकदिवसीय क्रिकेट मैच में अपनी बांह पर हरी पट्टी बांधकर उतरी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अंग दान के लिए जागरुकता जगाने इस मैच में खिलाड़ियों से हरी पट्टी बांधकर उतरने कहा था। बीसीसीआई ने अपनी इस पहल का नाम जीवन बचाएं रहा है। बीसीसीआई ने इसी को लेकर कहा, ‘दोनों टीम बीसीसीआई की पहल ‘अंग दान करें, जीवन बचाएं का समर्थन करने के लिए बांह पर हरे रंग की पट्टी पहनकर मैदान में उतरीं। इस पहल की अगुवाई आईसीसी के चेयरमैन जय शाह कर रहे हैं। शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘भारत और इंग्लैंड के बीच 12 फरवरी को अहमदाबाद में होने वाले तीसरे एकदिवसीय के दौरान हमें एक जागरूकता पहल, अंग दान करें, जीवन बचाएं शुरू करने पर गर्व है। उन्होंने लिखा, ‘खेल में प्रेरित करने, एकजुट करने और मैदान के बाहर भी स्थायी प्रभाव पैदा करने की शक्ति है। इस पहल के माध्यम से हम सभी से सबसे बड़ा उपहार जीवन का उपहार देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। शाह ने लिखा, ‘एक प्रतिज्ञा, एक निर्णय, कई लोगों की जान बचा सकता है। चलिए एक साथ आएं और बदलाव लाएं! बीसीसीआई की इस पहल का समर्थनविराट कोहली और उप कप्तान शुभमन गिल सहित कई खिलाड़ियों ने किया है। कोहली ने बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में कहा, ‘सबसे बड़ा शतक बनाएं। आपके अंग दूसरों को आपके जीवनकाल के बाद भी जीने में मदद कर सकते हैं। एक अंग दाता के रूप में पंजीकरण करें और हर जीवन को महत्वपूर्ण बनाएं। वहीं शुभमन ने कहा, ‘जीवन के कप्तान बनें। जिस तरह एक कप्तान टीम को जीत की ओर ले जाता है, उसी तरह आप अपने अंगों को दान करने का संकल्प लेकर किसी को जीवन दे सकते हैं। इस पहल का समर्थन करने श्रेयस अय्यर और केएल राहुल भी आगे आये। अय्यर ने कहा, ‘एक अंग दाता आठ लोगों की जान बचा सकता है। आज ही प्रतिज्ञा करें और मानवता के लिए छक्का लगाएं। राहुल ने कहा, ‘सबसे बड़ा विजयी शॉट खेलें। अपने अंग दान करने का आपका फैसला किसी के जीवन में मैच जीतने वाला पल हो सकता है। ।
