
महासमुंद बीती रात जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब एक पिकअप वाहन टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नरतोरा के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल 112 और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पटेवा पुलिस ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तुमगांव भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि पिकअप में कुल छह से सात लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार, यह बारात बरभाठा पटेवा से ओडिशा गई थी और बीती रात लौटते समय यह हादसा हुआ। पिकअप का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन असंतुलित होकर पलट गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह वाहन की तेज रफ्तार और टायर फटने को बताया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वाहन में ओवरलोडिंग या अन्य कोई तकनीकी खामी थी।
