
नई दिल्ली । मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, यूपी में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिनों तक तक हल्की बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। देशभर के ज्यादातर राज्यों में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसकी वजह से फरवरी में ही लोगों को अप्रैल वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्सों में पारा 30 पार कर गया है। वहीं आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने का अनुमान है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 फरवरी को अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार सुबह के समय और रात के वक्त धुंध/हल्का कोहरा छाने की संभावना है। साथ ही कुछ इलाकों में दिन के वक्त बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के जारी किए गए डाटा के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री अधिक है और इस साल में अब तक का सबसे अधिक तापमान भी रहा। इससे पहले 31 जनवरी को सबसे अधिक 27 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। दिल्ली में 9 फरवरी को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस था। यूपी में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। राज्य के कई इलाकों में तापमान फरवरी महीने में ही तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के पास करीब पहुंच गया है। आईएमडी से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक राज्य में फिलहाल 5 दिनों तक मौसम को लेकर कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 10 फरवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। बिहार में अभी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अभी तेज पछुआ हवाएं चलती रहेंगी, जिसकी वजह से लागों सुबह और रात के हल्की ठंड महसूस होगी। हालांकि दिन के धूप भी निकलेगी। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आज मौसम शुष्क रहेगा। वहीं अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। राजस्थान के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्य में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहा और सभी शहरों में तेज धूप निकली। इस दौरान फतेहपुर, नागौर, बीकानेर, बाड़मेर, उदयपुर, सीकर और अलवर में अधिकतम तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया।
