
मुंबई । अभिनेता और फिल्म निर्माता रजत कपूर की नई सीरीज खौफ जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाली है। रजत इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित हैं। रजत कपूर अब हॉरर की दुनिया में कदम रखने को तैयार हैं। रजत ने बताया कि यह भूमिका उनके करियर की अब तक की सभी भूमिकाओं से बिल्कुल अलग है और उन्होंने इसे करते हुए एक नया अनुभव महसूस किया। उन्होंने कहा कि जब उन्हें इस सीरीज के लिए कॉल आया और कंटेंट पढ़ने का मौका मिला, तो वह खुद को इससे जुड़ता हुआ महसूस करने लगे। यह कहानी उन्हें इतनी रोमांचक लगी कि पढ़ते वक्त उनकी रीढ़ की हड्डी में सनसनी दौड़ गई। रजत ने कहा कि यह उनके लिए एक बड़ा बदलाव था, क्योंकि इससे पहले उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया था। रजत कपूर ने यह भी स्वीकार किया कि हर बार कोई भूमिका उतनी प्रभावशाली नहीं होती जितनी उम्मीद होती है, लेकिन खौफ में उनका किरदार उनकी उम्मीदों से भी ज्यादा निकला। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के शूटिंग अनुभव, कॉस्ट्यूम और मेकअप जैसे पहलुओं ने इसे और खास बना दिया। रजत ने यह भी माना कि वह आमतौर पर अपने काम को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं होते, लेकिन खौफ के लिए वह अपवाद हैं। सीरीज की कहानी एक लड़की मधु के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक नए शहर में नई शुरुआत के इरादे से आती है और एक हॉस्टल में रहने लगती है। वहां वह एक ऐसी बुरी शक्ति का सामना करती है, जो उसकी पिछली जिंदगी के डरावने पलों को फिर से जिंदा कर देती है। खौफ का निर्देशन पंकज कुमार और सूर्या बालकृष्णन ने किया है। यह आठ एपिसोड की सीरीज है, जिसका निर्माण स्मिता सिंह ने संजय राउत्रे और सरिता पाटिल के साथ मिलकर मैचबॉक्स शॉट्स के बैनर तले किया है।