
मेरठ । मेरठ से दिल्ली के अशोक नगर तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का शनिवार को सराय काले खां तक सफल ट्रायल रन हुआ। एनसीआरटीसी ने न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक धीमी गति से परीक्षण किया, जिसमें सिग्नलिंग सिस्टम की जांच की गई। इस प्रकार यह ट्रेन पहली बार यमुना नदी को पार कर सराय काले खां तक पहुंची। मेरठ से दिल्ली के अशोक नगर तक चल रही रैपिड रेल नमो भारत का शनिवार की रात सराय काले खां तक ट्रॉयल रन हुआ। एनसीआरटीसी ने मैन्युअल तरीके से नमो भारत ट्रेन को धीमी रफ्तार में डाउन लाइन पर न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक चलाया। ट्रायल की प्रक्रिया में सिगनलिंग सिस्टम की अनुकूलता की जांच की गई। जैसे-जैसे यह परीक्षण आगे बढ़ेगा, एनसीआरटीसी ट्रैक, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर (पीएसडी) और ओवरहेड पावर सप्लाई सिस्टम जैसे विभिन्न सबसिस्टम के साथ ट्रेन के इंटीग्रेशन और इसके समन्वय का आकलन करने के लिए व्यापक मूल्यांकन करेगी। जल्द ही इस ट्रेन के हाई-स्पीड टेस्ट सहित व्यापक ट्रायल रन की उम्मीद है। ट्रायल प्रक्रिया के दौरान पहली बार नमो भारत ट्रेन ने यमुना पार किया और आगे बढ़ते हुए बारपुला फ्लाईओवर व रिंग रोड के ऊपर से गुजरते हुए सराय काले खां स्टेशन में प्रवेश किया। यमुना को पार करने के लिए एनसीआरटीसी ने 32 पिलर्स पर लगभग 1.3 किमी लंबा पुल तैयार किया है। इस पुल का लगभग 626 मीटर हिस्सा यमुना में है और शेष हिस्सा दोनों ओर खादर क्षेत्र में है। यह पुल यमुना नदी पर डीएनडी यमुना पुल के समानान्तर बनाया गया है। वहीं दूसरी ओर सराय काले खां स्टेशन तक पहुंचने के लिए भारी ट्रैफिक वाले बारपुला फ्लाईओवर और इसके बराबर से गुजर रहे रिंग रोड के ऊपर वायडक्ट निर्माण करना भी एनसीआरटीसी के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक सेक्शन की लंबाई लगभग साढ़े 4 किमी है। इस सेक्शन के संचालित होने पर यात्रियों के लिए सराय काले खां से मेरठ तक वातानुकूलित आरामदायक नमो भारत ट्रेन सेवा उपलब्ध हो जाएगी। हाल ही में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन के बीच के खंड में ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) को चार्ज किया गया था।
