
वेटिकन सिटी । ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय और महारानी कैमिला ने वेटिकन में पोप फ्रांसिस से मुलाकात की। यह मुलाकात शाही जोड़े की इटली यात्रा और उनके विवाह की 20वीं वर्षगांठ के मौके पर हुई। पोप निमोनिया के संक्रमण के चलते बीमार हो गए थे। संक्रमण से उबरने के बाद यह उनकी पहली निजी भेंट थी। वेटिकन के मुतबिक पोप ने चार्ल्स तृतीय और कैमिला को विवाह की वर्षगांठ पर शुभकामनाएं दीं। चार्ल्स और कैमिला ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। बर्मिंघम पैलेस ने एक बयान में कहा महामहिम इस बात से बहुत खुश हैं कि उन्हें पोप से व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं मिली। इससे पहले बुधवार को चार्ल्स ने इटली की संसद को संबोधित किया और यूरोप में युद्ध के समय साझा मूल्यों की रक्षा के लिए ब्रिटेन और इटली के बीच मजबूत संबंधों की जरुरत पर जोर दिया। उन्होंने अपने भाषण में यूक्रेन को समर्थन देने, नाटो में सहयोग करने का उल्लेख किया। चार्ल्स ने जलवायु परिवर्तन पर भी अपनी बात रखी और कहा कि वह 16 साल पहले दिए गए अपने ही भाषण की चेतावनियों को आज सच होता देख रहे हैं। इस दौरे में चार्ल्स और कैमिला ने अपनी 20वीं वर्षगांठ मनाई, जिसके लिए महारानी ने डिजाइनर ऐनी वेलेंटाइन द्वारा दोबारा तैयार की गई अपनी शादी की पोशाक पहनी। दोनों ने इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटेरेला द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भाग लिया।
