
वाशिंगटन,। अमेरिका के दक्षिणी और मध्य-पश्चिमी राज्यों में भारी बारिश और टॉर्नेडो के साथ बाढ़ ने भयंकर तबाही मचाई है। अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 10 मौतें टेनेसी में हुई हैं। टेनेसी, टेक्सास, मिसौरी, केंटकी, आर्कनसॉ और ओहायो जैसे राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। जानकारी अनुसार इस प्राकृतिक आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में टेनेसी, मिसोरी, केंटकी और आर्कनसॉं को बताया जा रहा है। तबाही के चलते टेनेसी में 10 मौतें हो गई हैं, जबकि बाढ़ के हालात में कई घर जलमग्न हो गए हैं। वहीं मिसौरी में एक व्यक्ति तेज बहाव में बह गया और अन्य खासा नुक्सान होने के समाचार हैं। केंटकी में 9 साल का बच्चा और 74 वर्षीय बुजुर्ग की मौत होने के समाचार हैं। आर्कनसॉ में भी 5 वर्षीय बच्चे की मौत हुई है। टॉर्नेडो से तबाही हफ्ते की शुरुआत में आए टॉर्नेडो ने कई रिहायशी इलाकों को पूरी तरह तबाह कर दिया। इसमें कम से कम 7 लोगों की जान गई है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। नेशनल वेदर सर्विस ने लोगों को चेताया है कि कई क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। स्थानीय प्रशासन ने कई स्थानों पर इवैक्युएशन का आदेश दिया है। प्रभावित इलाकों में नेशनल गार्ड, रेस्क्यू टीम, और स्थानीय स्वयंसेवक राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। कई जगहों पर स्कूल, सड़कें और बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
