
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज अंतिम दिन था। आज कई गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई। शिवपुरी, श्योपुर और ग्वालियर जिलों में बनाए जाने वाले सबरी आश्रम का मामला विजयपुर कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा ने उठाया। उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान पूछा कि तत्काल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 25 नवंबर 2017 में सबरी आश्रम बनाने की घोषणा की थी। आज तक नहीं बन पाए। इस पर संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि इसके लिए जमीन आवंटित हुई है और वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी होते ही काम शुरु हो जाएगा। इस जमीन पर वन विभाग की आपत्तियां थी जिसके चलते कार्य में विलंब हुआ है। इस पर विधायक मल्होत्रा ने कहा कि ये जमीन वन विभाग की नहीं है बल्कि माफियाओं का कब्जा है। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने व्यवस्था देते हुए कहा कि करहल आदिवासी बाहुल्य इलाका है लोगों की अपनी भावनाएं जुड़ी हैं इस काम को तत्काल पूरा किया जाना चाहिए। राज्यमंत्री लोधी ने कहा जल्द बनवा देंगे। संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा- शिवपुरी जिले में शबरी माता के नाम पर आश्रम और कम्युनिटी सेंटर बनाए जाने के लिए दो हेक्टेयर जमीन आवंटित कर दी गई थी। प्रस्ताव आदिम जाति कल्याण विभाग को भेजा गया। विभाग की ओर से राशि नहीं दी गई। बजट के कारण काम रुका। मंत्री ने कहा कि 2018 में कांग्रेस की सरकार बन गई। इसके बाद इस घोषणा पर कोई काम नहीं हुआ। फिर कोरोना काल आ गया। इसके बाद शबरी माता आश्रम के लिए 55 लाख रुपए की राशि दी गई थी। लेकिन जमीन वन भूमि में होने के कारण काम की अनुमति नहीं दी गई।
