
भोपाल। भाजपा विधायक रीति पाठक ने विधानसभा में राज्य सरकार को धन्यवाद क्या दिया कि सदन में हंगामा शुरु हो गया। दरअसल विधानसभा में प्रश्नकाल में भाजपा विधायक रीति पाठक बोलीं- विधानसभा को राशि मिली इसके लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद। इस पर विपक्ष ने आपत्ति ली। कहा- कांग्रेस विधायकों को राशि नहीं मिली, सिर्फ भाजपा विधायकों को दी गई है। पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल बोले- ये अखबारबाजी है विधानसभा वार राशि नहीं दी गई। रीति पाठक बोलीं- राशि मिली है। विधायक राजेंद्र कुमार सिंह ने कहा- सदन में इसे जुमला बताया जा रहा है। जबकि इसके पहले भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने सदन में कहा है कि सरकार ने 15 करोड़ रुपए क्षेत्र के विकास के लिए दिए हैं। सरकार दो तरह की बात कर रही है।इसके अलावा रीति पाठक ने सीधी ने डॉक्टरों की कमी की बात कही। उन्होंने कहा कि जिन डॉक्टर्स की पदस्थापना होती है तो 2-3 महीने में दूसरे जिलों में चले जाते हैं। सीधी जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञों के 37 पद स्वीकृत हैं, 25 पद रिक्त हैं। चिकित्सा अधिकारियों के 26 पद हैं, 6 रिक्त हैं। डिप्टी सीएम और चिकित्सा मंत्री राजेंद्र शुक्ल बोले- पद भरने की प्रक्रिया चल रही है। रीति पाठक बोलीं- सीधी में पीपीपी मोड़ का मेडिकल कॉलेज नहीं खुले, सीधी आदिवासी जिला है। कांग्रेस विधायक अजय सिंह ने इसका समर्थन किया। सरकार किसी ने नहीं गिराई अपने बोझ से गिरी राजेंद्र शुक्ल बोले- स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। अजय सिंह बोले- पीपीपी मोड से जनता का नहीं किसी एक का भला होगा, टेंडर घोटाला इसका उदाहरण है। राजेंद्र शुक्ल बोले- एक भी घोटाला साबित नहीं हुआ है। अजय सिंह ने कहा- टेंडर घोटाला उजागर हो रहा था, हमारी सरकार गिरा दी गई। राजेंद्र शुक्ल बोले- किसी ने नहीं गिराई आपकी सरकार खुद के बोझ के कारण गिरी है।