
-नक्सल मुक्त भारत अभियान की दिशा में एक बड़ा कदम
नई दिल्ली,। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिलों में सुरक्षाबलों को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली, जब उन्होंने नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 22 से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों की सराहना की और इसे नक्सल मुक्त भारत अभियान की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट करते हुए, सुरक्षाबलों को बधाई दी और कहा कि जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस नीति अपना रही है। उन्होंने दोहराया कि अगले साल 31 मार्च से पहले देश को नक्सलमुक्त कर दिया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए, लिखा, नक्सलमुक्त भारत अभियान की दिशा में हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में सुरक्षा बलों के दो अलग-अलग अभियानों में 22 नक्सली मारे गए। मोदी सरकार नक्सलियों के खिलाफ निर्दयी (रुथलेस) अप्रोच के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार आत्मसमर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाएं दे रही है, लेकिन जो नक्सली अब भी आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होगा। यहां बताते चलें कि छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों के सीमावर्ती इलाकों में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की, जिसमें 22 नक्सली मारे गए और बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मुठभेड़ में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक जवान भी शहीद हो गया।
