
लंदन । भारतीय क्रिकेट टीम के इस बार आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्लयूटीसी) के फाइनल में नहीं पहुंचने से लॉर्ड्स स्टेडियम को भी करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता है। डब्लयूटीसी का फाइनल लॉर्ड्स स्टेडियम में ही खेला जाना है। भारतीय टीम अगर फाइनल में पहुंचती तो इसका रोमांच बढ़ता और टिकटों की कीमतें ऊपर चली जाती पर अब कीमत को आधा करना पड़ा है। ऐसे में जून में लॉर्ड्स में होने वाले पांच दिवसीय मैच की मेजबानी के दौरान करीब चार मिलियन पाउंड (लगभग 45 करोड़ रुपये) का नुकसान होने का अनुमान है। पिछले दो सत्र में उपविजेता रही भारतीय टीम इस बार पहले ही बाहर हो गयी थी। खिताबी मुकाबले में अब ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘भारत के क्वालीफाई करने में विफल रहने के कारण लॉर्ड्स को कम राजस्व प्राप्त होगा।’ इसे खेल में भारतीय क्रिकेट का प्रभाव पता चलता है। एमसीसी ने फाइनल में भारत के पहुंचने के अनुमान के साथ मूल रूप से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए टिकट की अधिक कीमत निर्धारित की थीं। जब यह स्पष्ट हो गया कि भारत फाइनल में नहीं पहुंचेगा, तो एमसीसी ने अपनी रणनीति में संशोधन किया और टिकट की कीमत कम कर दीं। इस रिपोर्ट में कहा गया, ‘विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए कीमतों में लचीलापन लाने का निर्णय इस वर्ष लिया गया था। अब टिकटें 40 से 90 पाउंड के बीच बेची जा रही हैं। यह मूल कीमत से लगभग 50 पाउंड सस्ती हैं। इससे राजस्व में कमी आई है।’ गौरतलब है कि पिछले वर्ष श्रीलंका और इंग्लैंड की टेस्ट श्रृंखला के दौरान मैच के चौथे दिन सिर्फ नौ हजार दर्शकों के आने के कारण एमसीसी को नुकसान के साथ ही आलोचना का सामना करना पड़ा था। ऐसे में उसे टिकटों की कीमतें घटाने पर मजबूर होना पड़ा।
