
एक दिन पहले आतंकवाद के आरोप में दस पाकिस्तानियों को किया था गिरफ्तार
बार्सिलोना,। स्पेन के बार्सिलोना में बीती रात कई मस्जिदों पर आतंकवाद रोधी दस्ते ने छापेमारी की। सुरक्षाबलों ने यह कदम तब उठाया जब एक दिन पहले बार्सिलोना में ही 10 पाकिस्तानियों को आतंकवाद के आरोप में गिरफ्तार किया था। इन पर अपने विरोधियों की हत्या और सिर कलम करने के लिए उकसाने का आरोप है। जांच में पता चला कि संदिग्ध एक संगठित आपराधिक संगठन से जुड़े थे, जो मैसेजिंग ग्रुप के जरिए हिंसक आदेश जारी करते थे। बार्सिलोना में एक संगठन के खिलाफ एक बड़ा ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस और इतालवी पुलिस के संयुक्त अभियान में बार्सिलोना में 10 और इतालवी शहर पियासेंज़ा में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक यह समूह बहुत ही संगठित और गुप्त था और मैसेजिंग ऐप के जरिए से विरोधियों के खिलाफ हिंसक संदेश फैलाने में शामिल था। कुछ व्यक्तियों ने यूरोप में विशिष्ट लोगों को संभावित लक्ष्य के रूप में पहचानना शुरू कर दिया था। इसके अलावा उनके पोस्ट में उन व्यक्तियों की तारीफ की गई थी जिन्होंने ईशनिंदा के आरोप में यूरोप और पाकिस्तान में हमले किए थे। जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार महिलाओं में से एक के नेतृत्व वाले मैसेजिंग समूह में केवल महिलाएं ही शामिल थीं। जांच अधिकारियों ने पुष्टि की है कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति एक आतंकवादी संगठन से संबंधित हैं। गुरुवार 6 मार्च को, दस गिरफ्तार व्यक्तियों को केंद्रीय जांच न्यायालय संख्या 6 के समक्ष पेश किया गया, जिन पर आतंकवाद की मदद, उसे बढ़ावा देने, वित्तपोषित करने और भर्ती करने के साथ-साथ संभावित लक्ष्यों की पहचान करने के लिए प्रारंभिक कदम उठाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले की सुनवाई एक न्यायाधीश की देखरेख में हो रही है, जिन्होंने स्पेन के राष्ट्रीय न्यायालय के लोक अभियोजक कार्यालय के सहयोग से चार लोगों को हिरासत में लेने का आदेश दिया है।
