
आचेह राज्य में समलैंगिक संबंध बनाना है अवैध, लागू है इस्लामी कानूनी
जकार्ता,। इंडोनेशिया के आचेह राज्य में समलैंगिक संबंध के आरोप में दो लोगों को सार्वजनिक तौर पर कोड़े मारे गए। इस्लामी कानून के तहत एक कोर्ट ने इन्हें यौन संबंधों का दोषी पाया था। दोनों आरोपी एक लोकल यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। इन्हें पिछले साल नवंबर में लोगों ने किराए के कमरे यौन संबंध बनाते पकड़ा था। इसके बाद दोनों को शरिया पुलिस के हवाले कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दोनों आरोपियों को आचेह राज्य की राजधानी बांदा आचेह के पार्क में सार्वजनिक तौर पर कोड़े मारे गए। इसमें रिश्ते के लिए पहल करने वाले को 82 और दूसरे को 77 कोड़े मारे। ये लोग 3 महीने से जेल में बंद थे, इसके मद्देनजर इन लोगों की सजा में तीन कोड़े कम कर की गई थी। इंडोनेशिया के दूसरे राज्यों से इतर आचेह में समलैंगिक संबंध अवैध हैं। जहां इस्लामी कानूनी लागू है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इस सजा का विरोध करते हुए इसे समलैंगिक समुदाय के खिलाफ भेदभाव बताया है। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने इस सजा को हेट क्राइम बताया है। ऑनलाइन जुआ खेलने के आरोप में उसी पार्क में दो लोगों को 34 और 8 कोड़े मारे गए। इंडोनेशिया दुनिया में सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश है। इंडोनेशिया के ज्यादातर हिस्सों में समलैंगिकता अवैध नहीं है, लेकिन इसे आम तौर पर वर्जित माना जाता है। बता दें 2020 में एक सर्वे में 80 फीसदी इंडोनेशियाई लोगों का मानना था कि समलैंगिकता को समाज द्वारा स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। आचेह इंडोनेशिया में इस्लामी कानून का पालन करने वाला एकमात्र मुस्लिम राज्य है। यहां 2014 में समलैंगिकता संबंध पर बैन लगा दिया गया था। इस राज्य में चोरी, जुआ और व्यभिचार जैसे अपराधों के लिए भी कोड़े मारने की सजा दी जाती है।
