
रायपुर । छत्तीसगढ़ अब शिक्षा, विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में साइंस सिटी की स्थापना को लेकर महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। नवा रायपुर के सेक्टर-13 में 30 एकड़ भूमि पर बनने वाली इस साइंस सिटी को अत्याधुनिक तकनीकों से सजाया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ को विज्ञान और तकनीक का नया केंद्र बनाएगा। इस परियोजना को लेकर आज उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप इसे तेजी से और समयबद्ध रूप से पूरा करने पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को केवल प्राकृतिक संसाधनों का राज्य नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और तकनीकी नवाचारों के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बैठक में निर्देशित किया कि साइंस सिटी को एडुटेनमेंट (शिक्षा और मनोरंजन) की अवधारणा पर विकसित किया जाए, ताकि छात्रों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिले। साइंस सिटी में अंतरिक्ष और खगोल विज्ञान, स्मार्ट सिटी और ग्रीन टेक्नोलॉजी, जलवायु परिवर्तन, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब, एयरोस्पेस रिसर्च, वर्चुअल एक्सपेरिमेंट लैब, थ्रीडी थिएटर और इमर्सिव डिस्प्ले जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि यह साइंस सिटी सिर्फ एक शैक्षिक संस्थान नहीं, बल्कि यह प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि साइंस सिटी छत्तीसगढ़ के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी अहम योगदान देगी। यह न केवल राज्य में विज्ञान पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि वैश्विक स्तर के अनुसंधान और नवाचार के अवसर भी प्रदान करेगी। इस केंद्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के विज्ञान सम्मेलन और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे यहां के विद्यार्थी और शोधकर्ता दुनिया के सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिकों के साथ काम करने का अवसर प्राप्त करेंगे। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया और कहा कि इसे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया जाए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस परियोजना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह साइंस सिटी छत्तीसगढ़ के वैज्ञानिक और तकनीकी विकास में अभूतपूर्व योगदान देगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द ही मूर्त रूप देने के लिए राज्य सरकार, वैज्ञानिक समुदाय और शिक्षाविदों के सहयोग से एक कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे छत्तीसगढ़ विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में एक नई पहचान बना सके। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि साइंस सिटी का निर्माण छत्तीसगढ़ को सिर्फ कृषि और पारंपरिक संसाधनों के राज्य से बाहर निकालकर विज्ञान और नवाचार का केंद्र बना देगा।
