
डाकार। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने कहा है कि कांगो के पूर्वी क्षेत्र में हथियारबंद व्यक्तियों ने सैकड़ों बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया और बड़ी संख्या में बच्चों को बाल सैनिकों के रूप में भर्ती किया है। खनिज से समृद्ध इस क्षेत्र में हाल के सप्ताह में संघर्ष और ज्यादा बढ़ गया है। यूनिसेफ की कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसेल ने कहा कि हमें उत्तर और दक्षिण किवु प्रांत में संघर्ष का सामना कर रहे लोगों द्वारा बच्चों के साथ किए गए गंभीर उल्लंघनों की भयावह जानकारियां मिली हैं, जिनमें दुष्कर्म और अन्य प्रकार की यौन हिंसा की शिकायतें शामिल हैं। रसेल ने कहा कि एक महिला ने यूएन कर्मचारियों को बताया कि कैसे उसकी छह बेटियों में से सबसे छोटी बेटी (12) के साथ हथियारबंद व्यक्तियों ने दुष्कर्म किया। कांगो गणराज्य में यूनिसेफ की संचार प्रमुख लियान ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े लोगों ने 27 जनवरी से 2 फरवरी के बीच दुष्कर्म के 572 मामलों की सूचना दी, जो पिछले सप्ताह की तुलना में 5 गुना ज्यादा है।
