
नई दिल्ली, दिल्ली समेत उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों का मौसम 3 फरवरी से 5 फरवरी के बीच बदलने वाला है। मौसम विभाग ने पिछले कुछ वक्त से पड़ रही गर्मी के बाद अब बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। देशभर के मौसम में लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। राज्यों में सुबह-शाम ठंड, जबकि दिन में तेज धूप खिलने से गर्माहट का एहसास हो रहा है। हालांकि वेस्टर्न डिस्टर्बन्स की वजह से मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में 3 और 5 फरवरी को बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में कोई गिरावट दर्ज नहीं की जाएगी। वहीं न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी, जिससे एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तीन और चार फरवरी को हल्की वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके अलावा सुबह और शाम ज्यादातर इलाकों में कोहरा छाया रहेगा, जिसकी वजह से लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने कोहरे की वजह से दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने बताया कि रविवार 2 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री अधिक है। उत्तर प्रदेश में 3 फरवरी को पश्चिमी जिलों में हल्की बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। विभाग ने पूरे प्रदेश में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुज्जफरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, हाथरस, इटावा, फिरोजाबाद, बरेली, रामपुर, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत में हल्की बारिश होने की संभावाना जताई है।
