
अब स्वास्थ्य का बहाना कर भगोड़ा कारोबारी स्विट्जरलैंड जाने की बना रहा योजना एंटपर्व
सिटी,। पीएनबी घोटाले में फरार और भारत से भगोड़ा घोषित कारोबारी मेहुल चोकसी बेल्जियम के एंटवर्प शहर में अपनी पत्नी के साथ शान से अपनी जिंदगी गुजार रहा है। यह शहर हीरा कारोबार के लिए दुनियाभर में मशहूर है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मेहुल चोकसी ने 15 नवंबर 2023 को बेल्जियम की ‘एफ रेजिडेंसी कार्ड’ हासिल कर ली है, जिससे उसकी भारत वापसी की कोशिशें अब और जटिल हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक मेहुल चोकसी की पत्नी प्रीति चोकसी बेल्जियम की नागरिक हैं, और उन्होंने ही उसे वहां की नागरिकता दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। मेहुल ने इस रेजिडेंसी को पाने के लिए गलत और फर्जी दस्तावेज जमा किए है, जिसमें झूठे दावे और फर्जी डिक्लेरेशन शामिल थे। इतना ही नहीं, उसने अपनी भारतीय और एंटीगुआ की नागरिकता को भी छुपाया। भारतीय एजेंसियों ने बेल्जियम सरकार से मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण की मांग की है। लेकिन नई बेल्जियम रेजिडेंसी के कारण यह प्रक्रिया मुश्किल हो गई है। मेहुल चोकसी अब यूरोप के कई देशों में बेरोकटोक आ-जा सकता है, जिससे भारत उसे वापस लाने के प्रयासों में बाधा पैदा हो गई है। मेहुल चोकसी अब स्विट्जरलैंड जाने की योजना बना रहा है। उसने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को कारण बताते हुए हिर्सलैंडन क्लिनिक आराउ में इलाज की बात कही है। यह अस्पताल कैंसर के इलाज के लिए जाना जाता है और माना जा रहा है कि मेहुल चोकसी मानवीय आधार पर प्रत्यर्पण में देरी करवाने की कोशिश कर रहा है। मेहुल चोकसी पर भारतीय बैंकिंग इतिहास के सबसे बड़े घोटालों में से एक, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले में शामिल होने का आरोप है। मेहुल और उसके भतीजे नीरव मोदी पर 14 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी का आरोप है। भारत सरकार ने उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर रखा है। अब देखना होगा कि क्या बेल्जियम सरकार भारतीय एजेंसियों के अनुरोध पर कार्रवाई करती है, या मेहुल स्विट्जरलैंड जाने में सफल होता है। फिलहाल, उसकी भारत वापसी की राह कठिन हो गई है।
