
नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आज एक नक्सली महिला को गिरफ्तार किया है। महिला दिल्ली के पीतमपुरा में पहचान छुपा कर रह रही थी। वह यहां घरों में सफाई कर्मचारी का काम करती थी। पकड़ी गई नक्सली कार्यकर्ता झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुदाबुरु गांव की रहने वाली है। वह झारखंड के एक पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में वांटेड भी थी। पुलिस ने नए क्रिमिनल कानून के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच ने 23 साल की एक नक्सली कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है, जो अपनी पहचान बदलकर दिल्ली में रह रही थी। आरोपी झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुदाबुरु गांव की रहने वाली है और झारखंड के सोनुआ पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में वांछित थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पांच साल तक कड़ी और गहन ट्रेनिंग ली और 2018, 2019 और 2020 में झारखंड पुलिस के साथ तीन मुठभेड़ों में शामिल थी। पुलिस ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि उसने अपनी असली पहचान छिपाई थी और दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी। आरोपी पर भारतीय दंड संहिता, शस्त्र अधिनियम, विस्फोटक अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
